शादी के बाद विदाई में इतना रोई दुल्हन की चली गई जान, ससुराल जाने से पहले ही छोड़ दी दुनिया



 सोनपुर। ओडिशा के सोनपुर में एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब विदाई के समय दुल्‍हन की अचानक मौत हो गई। इस हादसे से शादी समारोह में मौजूद हर कोई सन्‍न रह गया। दरअसल, विदाई के वक्‍त दुल्‍हन लगातार रो रही थी। वह इतना ज्‍यादा रोई कि उसे हार्ट अटैक आ गया। रोते-रोते वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई और मौके पर ही उसकी जान चली गई।

यह घटना सोनपुर जिले के जुलांडा गांव की है। यहां के रहने वाले मुरली साहू की बेटी रोजी की शादी बलांगीर जिले के टेटलगांव निवासी युवक बिसीकेसन के साथ तय हुई थी। गत गुरुवार को लड़की की बारात आई और पूरे विधि-विधान के साथ शादी की सभी रस्‍में पूरी की गईं। शुक्रवार सुबह जब विदाई का समय आया तो दुल्‍हन घरवालों को गले लगाकर रोने लगी। वह लगातार तेज आवाज में रोए जा रही थी। परिजन उसे शांत कराने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान अचानक से लड़की बेहोश होकर जमीन पर गिर गई और उसकी मौत हो गई।