साल 2000 की शुरुआत के दशक का वो दौर जब क्रिकेट के मैदान पर भारत की तरफ से सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग ओपनिंग करने उतरते थे। यह जोड़ी जिस देश के खिलाफ बैटिंग करती थी, भारतीय क्रिकेट प्रेमी उस टीम की हार तय मानते थे । अक्सर ये जोड़ी भारतीय प्रशंसकों के इस विश्वास को कायम रखती थी। शुक्रवार की रात जब रायपुर के क्रिकेट स्टेडियम में सचिन और सहवाग की जोड़ी बांग्लादेश के खिलाफ बैटिंग करने उतरी तो वही एक्साइटमेंट लोगों ने महसूस किया। रायपुर में रोड सेफ्टी वर्ल्ड क्रिकेट सीरीज का आगाज भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए मुकाबले के साथ हुआ। लोगों ने उसी पुराने दौर को याद किया जब टीम इंडिया के लिए सचिन-सहवाग ओपनिंग किया करते थे।
शुक्रवार को खेले गए मैच में बांग्लादेश की टीम ने 109 रनों का लक्ष्य रखा था। सचिन और सहवाग की जोड़ी ने 10 ओवर में ही 114 रन पूरे करते हुए बांग्लादेश के खिलाड़ियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। क्रिकेट का आनंद दिल से महसूस करने वाले हर क्रिकेट प्रेमी ने इस जोड़ी को दोबारा मैदान पर खेलते हुए देखना अपना सौभाग्य माना। भारत के मशहूर क्रिकेटर इरफान पठान भी इस मैच में टीम इंडिया लेजेंड्स का हिस्सा थे उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा कि समय ने यात्रा की और वो वापस लौट आया, इरफान पठान उसी दौर के वापस आने की ओर इशारा कर रहे थे जो दौर भारतीय क्रिकेट ने देखा है सचिन और सहवाग की धमाकेदार परफॉर्मेंस के साथ।
