दोस्ती, अश्लील फोटो और ब्लैकमेलिंग:सोशल मीडिया पर UP के युवक से हुई दोस्ती, बिलासपुर की महिला और उसकी बेटियों की अश्लील फोटो बनाकर वायरल कर दी



 छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की एक महिला को सोशल मीडिया पर युवक से दोस्ती करना भारी पड़ गया। युवक ने महिला और उसकी बेटियों की फोटो को सोशल मीडिया से निकाल कर एडिट किया। फिर अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने महिला से 10 लाख रुपए मांगे। जब महिला ने देने से मना कर दिया तो आरोपी ने फोटो वायरल कर दी। इसके बाद महिला ने तोरवा थाने में FIR दर्ज कराई।

जानकारी के मुताबिक, तोरवा निवासी 42 साल की महिला की दोस्ती सोशल मीडिया पर साल 2018 में UP के सकलैन मदरसा के पास, शाहजहांपुर निवासी इमरान हुसैन के साथ हुई थी। फिर दोनों के बीच वाट्सएप पर चैटिंग भी शुरू हो गई। आरोप है कि इस बीच इमरान ने सोशल मीडिया से महिला की फोटो निकाली और उसे एडिट कर अश्लील बना दिया। इसके बाद फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

महिला को डराकर तीन बार रुपए भी वसूल चुका है आरोपी
महिला ने डर के चलते आरोपी के खाते में 10 हजार रुपए जमा करा दिए। इसके बावजूद आरोपी ने दो बार शहर आकर भी 10-10 हजार रुपए महिला से वसूले। फिर उसे वायरल भी कर दिया। अब उसकी बेटियों की भी एडिट अश्लील फोटो सहेलियों को भेज कर बदनाम और वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपए मांग रहा है। रुपए नहीं देने पर आरोपी ने जान से भी मारने की धमकी दी है।