अब राजधानी में ई-बसें:राजधानी की सड़कों पर नए साल से 10 इलेक्ट्रिक बस निगम ही करेगा संचालन, 6 चार्जिंग प्वाइंट भी बनेंगे
राजधानी की सड़कों पर नए साल से इलेक्ट्रिक बसें चलेगी। निगम प्रशासन ने 12 करोड़ की लागत से 10 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने का निर्णय लिया है। इसके लिए निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। जनवरी में सिटी बस राजधानी की सड़कों पर दौड़ने लगेगी। इलेक्ट्रिक बसों का संचालन निगम स्वयं करेगा। इससे राजधानी में जहां प्रदूषण कम होगा, वहीं निगम को एक बस से प्रत्येक माह 50 हजार रुपये की बचत हो सकती है। शहर में इलेक्ट्रिक बस का बेहतर प्रतिसाद मिलने पर निगम 100 इलेक्ट्रिक सिटी बस चलाने की योजना पर काम करेगा। अधिकारियों का कहना है कि इलेक्ट्रिक बस की खरीदी के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। नए साल में सिटी बस चलने लगेगी। राजधानी में ट्रांसपोर्ट सिस्टम कोरोना संक्रमण से पूरी तरह ध्वस्त हो गया था। काफी जद्दोजहद के बाद निगम ने हाल ही में 30 सिटी बस का संचालन शुरू किया है। बाकी बसों का संचालन अभी तक बंद है।