पिता की हत्या कर कुएं में फेंकी लाश:सबूत छिपाने ऊपर से डाली झाड़ियां और कचरा; खून के छींटों ने खोल दी पोल
कोरबा जिले के रजगामार चौकी इलाके में अपने 65 साल के बुजुर्ग पिता की हत्या करने वाले आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या 28 नवंबर को हुई थी। संपत्ति विवाद में बड़े बेटे संजय राठिया ने बेरहमी से अपने पिता बहादुर सिंह राठिया को मौत के घाट उतार दिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 'कोई' गांव में किसान बहादुर सिंह राठिया अपने 3 बेटों संजय राठिया (40 वर्ष), श्रवण राठिया (38 वर्ष) और सिकंदर राठिया (36 वर्ष) के साथ रहता था। तीनों बेटों की शादी करने के बाद बहादुर राठिया अपनी पत्नी के साथ सबसे छोटे बेटे सिकंदर के परिवार के साथ रहता था।
सभी बेटे भी किसान हैं। बड़ा बेटा संजय राठिया आपराधिक प्रवृत्ति का था। उसने 2 साल पहले भी गांव में किसी की हत्या कर दी थी। जिसके बाद उसके खिलाफ धारा 307 का अपराध पंजीबद्ध हुआ था। इस मामले में उसे जेल भेज दिया गया था। केस की सुनवाई कोर्ट में चल रही है और वो कुछ समय पहले ही जमानत पर छूटकर जेल से बाहर आया था।