तल्ख हुआ गर्मी का तेवर, सीजन में पहली बार 45 डिग्री पहुंचा तापमान
• devendra kumar
प्रदेश में भीषण गर्मी शुरू हो गई है और प्रदेश का पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार को प्रदेश में डोंगरगढ़ सर्वाधिक गर्म रहा। एआरजी डोंगरगढ़ का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह सोमवार छह मई से प्रदेश में बारिश शुरू होने के आसार है। संभावना है कि इसके चलते अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा और मतदान वाले दिन यानी सात मई को भी लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। शुक्रवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। दोपहर की तपिश के साथ ही गर्म हवाओं ने लोगों को हलाकान कर दिया है और गर्मी से हाल बेहाल होने लगा है।
शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। वहीं बिलासपुर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। शुक्रवार को भी प्रदेश के नौ से ज्यादा क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पारा रहा।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि शनिवार से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। यह बढ़ोतरी दो डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगी। इसके बाद अगले सप्ताह छह मई से वर्षा की गतिविधि शुरू हो सकती है। इसके चलते अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। बारिश का दौर शुरू होने से गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है
