Satta King: सट्टेबाज की पुलिस को खुली चुनौती, दम है तो सट्टा किंग को पकड़कर दिखाओ...
छत्तीसगढ़ में सट्टे का कारोबार जमकर फल-फूल रहा है। सट्टे का कारोबार इतना ज्यादा बढ़ गया है कि गृहमंत्री विजय शर्मा ने जुआ-सट्टा पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सट्टा खिलाने वाले ने बवाल मचा दिया। बुधवार को सटोरिया ने पुलिस को बड़ी चुनौती दे डाली। पुलिस ने तोरवा थाना क्षेत्र में रहने वाले सटोरिए को जैसे ही पकड़ा तो सटोरिया बोला-हां मैं सट्टा खिलाता हूं। पुलिस को रोज 5000 रुपए देता हूं। पुलिसवाले रोज पैसे लेने आते हैं। मुझे पकड़कर क्या करोगे। दम है तो सट्टा किंग को पकड़कर दिखाओ...।
जानकारी के मुताबिक, शंकरनगर-बापू नगर क्षेत्र में सट्टा का अवैध कारोबार वर्षों से चल रहा है। कई बार लोगों ने तोरवा पुलिस से इसकी शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। बुधवार को सिविल लाइन CSP और IPS उमेश गुप्ता अचानक दबिश देने पहुंचे तो दिव्यांग सटोरिया संतोष बजाज भागने लगा। पुलिस ने उसे दौड़कर पकड़ लिया।
सटोरिए का ड्रॉमा
पुलिस ने जैसे ही सटोरिया संतोष को पकड़ा तो वह गुस्सा गया। उसने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं सटोरिया पुलिस पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाने लगा। सटोरिया सहीं नहीं रुका, उसने पुलिस को सुसाइड करने की धमकी भी दे डाली। पुलिस ने रोका तो सटोरिया अपने गमछा से गला कसने लगा।
देखते ही देखते जमा हो गई भीड़
पुलिस ने उसे नहीं छोड़ा तो सटोरिया बिफर गया। तोरवा पुलिस पर आक्रामक हो गया। रेलवे ट्रैक की ओर भागने की कोशिश करने लगा। देखते ही देखते लोगों की भीड़ भी जुट गई। बल का प्रयोग करते हुए पुलिस सटोरिए को तोरवा थाने ले गई।