सावधान… ठंड से ठिठुर रहा प्रदेश, बर्फीली हवाएं और बढ़ाएगी कंपकपी, अगले 2 दिन छाएगा घना कोहरा, अलर्ट जारी
दिल्ली सहित उत्तर भारत में ठंड का असर जारी है। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाएं अपना कहर ढा रही हैं, तो वहीं कई राज्य शीतलहर और कोहरे की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली में शुक्रवार से चार दिन तक घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर घना कोहरा व कुछ स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। बात करें छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की तो एक बार फिर यहां तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है।
भोपाल में सर्द कोहरा और उत्तर भारत की बर्फ़ीली हवाओं का असर पड़ा रहा है। तापमान में गिरावट आने से राजधानी भोपाल ठिठुर रहा है। यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर-चंबल में अगले 2 दिन घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। वहीं भोपाल, इंदौर-उज्जैन में बादल छाए रहेंगे। इसके बाद 19-20 जनवरी से ठंड का असर फिर बढ़ेगा। इतना ही नहीं जनवरी के आखिरी सप्ताह में भी तेज ठंड पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा।
मौसम विभाग ने 18 जनवरी से अगले वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने की संभावना जताई है। बर्फीली हवाओं के असर से मध्यप्रदेश में भी ठिठुरन बढ़ेगा। अगले दो दिन प्रदेश के मौसम की बात करें तो 18 जनवरी- ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ, छतरपुर, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में कोहरा छाए रहेगा। फिर 19 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। हालांकि, सुबह कोहरा छाया रहेगा। बता दें कि, पिछले 24 घन्टे में नौगांव में दिन का पारा 15.5 डिग्री दर्ज किया गया। कई शहरों में दिन का तापमान 4, से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ।