BJP प्रवक्ता ने राहुल गांधी को गोली मारने की दी धमकी, एफआईआर दर्ज कराने सिविल लाइन थाना पहुंचे कांग्रेसी,
• devendra kumar
रायपुर। भाजपा के प्रवक्ता पिंटू महादेव ने एक लाइव शो में विपक्ष नेता राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी दी है. जिसके बाद कांग्रेस समेत कई और दलों के नेताओं ने इसका विरोध किया है. वहीं इस मामले को लेकर आज बड़ी संख्या में कांग्रेसी सिविल लाइन थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. भूपेश बघेल ने कहा- ‘गांधी’ बनने में एक उम्र लग जाती है, ‘गोडसे’ होना तो एक पल की कायरता है…
विकास उपाध्याय का बयान
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि केरल में लाइव डिबेट के दौरान बीजेपी प्रवक्ता पिंटू महादेव ने राहुल गांधी पर टिप्पणी की. उन्होंने राहुल गांधी को गोली मारने की टिप्पणी की, वे इस देश के नेता प्रतिपक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे है. उनके परिवार में पहले ही दो लोगों की हत्याएं हुई. भाजपा नाथूराम गोडसे की विचारधारा वाली पार्टी है. इसी तरीके से महात्मा गांधी की हत्या की गई और इसी विचारधारा के लोगों ने ये बात कही है. ये गंभीर मामला है जिसे लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश दुबे के नेतृत्व में हम एफआईआर दर्ज कराने आए हैं. हमने आवेदन दिया है अगर एफआईआर दर्ज नहीं की जाती तो हम फिर थाने में आयेंगे और आते रहेंगे. जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी तब तक हम यहां आते रहेंगे.
वहीं शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर अशोभनीय टिप्पणी की यदि बीजेपी प्रवक्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की जाती तो हम सब थाने का घेराव करेंगे और एफआईआर दर्ज करने की मांग करेंगे.
गांधी’ बनने में एक उम्र लग जाती है, ‘गोडसे’ होना तो एक पल की कायरता है : भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी एक्स पर बीजेपी पर निशाना साधा है उन्होंने लिखा कि “गांधी” बनने में एक उम्र लग जाती है. ‘गोडसे’ होना तो एक पल की कायरता है. “गोडसेवादी” भाजपा के एक प्रवक्ता द्वारा लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष, जननायक श्री राहुल गांधी जी को जान से मारने की धमकी देना उनके प्रशिक्षण, उनकी परवरिश और उनके पूर्वजों की सीख को दर्शाता है. ऐसे तत्वों पर कार्रवाई न करके भाजपा अपने “गोडसेवादी चरित्र” को खुलेआम संरक्षण भी दे रही है. लेकिन इतना समझ लें. गांधी एक विचार है, गांधीमार्ग एक संस्थान है. उस पर चलने वाले किसी भी गांधीवादी को कभी ख़त्म नहीं किया जा सकता. पूरा देश राहुल गांधी के साथ है.
