रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष पर कांग्रेस भवन में हुआ मंथन, पर्यवेक्षक प्रफुल्ल बोले – कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत, वही तय करेगा अध्यक्ष
• devendra kumar
रायपुर. संगठन सृजन अभियान के तहत आज दूसरे दिन भी कांग्रेस भवन गांधी मैदान में ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष को लेकर चर्चा की गई। केंद्रीय पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुढाडे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन सृजन अभियान में अब निर्णय ऊपर से नहीं, नीचे से होगा। कार्यकर्ता स्वयं तय करेगा कि उसका जिला अध्यक्ष कौन होगा।
प्रभारी और पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुढाडे ने कहा कि यह अभियान केवल संगठन के पुनर्गठन का नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के सम्मान और भागीदारी की पुनर्स्थापना का अभियान है। हम केवल एक माध्यम हैं, लेकिन असली निर्णय कार्यकर्ता करेगा। कांग्रेस पार्टी का दिल और आत्मा कार्यकर्ता ही है।
कार्यकर्ताओं की बहुमत से तय होगा अंतिम निर्णय
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय पर्यवेक्षक प्रफुल्ल ने कहा कि संगठन सृजन अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता की राय महत्वपूर्ण होगी। चयन प्रक्रिया पारदर्शी और लोकतांत्रिक होगी। हर ब्लॉक और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से राय लेकर छह नामों का पैनल तैयार किया जाएगा। अंतिम निर्णय कार्यकर्ताओं की बहुमत राय से तय होगा।
प्रफ्फुल गूढाढे ने कहा कि आज के सत्र में कार्यकर्ताओं ने अपने विचार, सुझाव और भावनाएं साझा की। हर वक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि संगठन की असली शक्ति कार्यकर्ता हैं। यह अभियान नेतृत्व परिवर्तन नहीं, बल्कि कार्यकर्ता सशक्तिकरण की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा अपने कार्यकर्ताओं के बल पर ही जन-आंदोलनों की धारा बनती आई है।
वन टू वन चर्चा से गूंजा कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास
दोपहर 12:00 बजे से शाम 5 बजे तक केंद्रीय पर्यवेक्षक ने कार्यकर्ताओं से वन टू वन चर्चा की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खुलकर अपने विचार, सुझाव और अनुभव साझा किए। हर कार्यकर्ता को अपनी बात सीधे रखने का अवसर दिया गया, जिससे पूरे माहौल में विश्वास, संवाद और एकता का सकारात्मक संदेश फैला। पर्यवेक्षक ने कहा कि यह चर्चा केवल रायशुमारी नहीं, बल्कि संगठन की आत्मा को सुनने का प्रयास है। बैठक में पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा धनेंद्र साहू ताम्रध्वज साहू पूर्व विधायक शैलेश पांडे पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल विकास उपाध्याय उधोराम वर्मा छाया वर्मा शैलेश नितिन त्रिवेदी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
