रजत जयंती महोत्सव होगा भव्य, छत्तीसगढ़ की झलक दिखाएंगे आकर्षक डोम…
• devendra kumar
छत्तीसगढ़ के रायपुर में 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना की रजत जयंती मनाएगा। इसे देखते हुए राज्योत्सव भी अनूठे अंदाज में मनाया जाएगा। इसके लिए नवा रायपुर में बनाए जा रहे डोम में प्रदेश की विकास गाथा दिखेगी। राज्य के सभी विभागों के डोम प्रदर्शनी के लिए तैयार किए जा रहे हैं। हर डोम अलग थीम में डिजाइन किया जा रहा है।
इसके साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं की झलकी भी इन डोमों में दिखेगी। इस बार 33 विभागों की प्रदर्शनी देखने को मिलेगी। इसमें सबसे बड़ा डोम कृषि विभाग, जल संसाधन विभाग और न्यू क्रिमिनल लॉ का है। बाकि के विभाग के स्टॉल एक ही डोम के अंदर हैं। तीनों बड़े विभाग के डोम में ही अभी तक काम अच्छा हुआ है। दूसरे विभागों का तो अभी तक स्ट्रक्चर का काम भी पूरा नहीं हो पाया है।
CG Rajyotsav 2025: नक्शे में सारे बांध
जल संसाधन विभाग में 20 बाय 35 फीट का छत्तीसगढ़ का नक्शा तैयार किया जा रहा है। फोम से बनाए जा रहे इस नक्शे में राज्य के पहाड़ों के साथ ही नदियों में बने डेम को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। इसमें फोम के अलग-अलग पार्ट में डिजाइन बनाने के बाद उसे जोड़ा जाएगा। वहीं, यहां जगदलपुर के मडऩार में प्रस्तावित डेम का भी मॉडल प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके साथ ही गांव, शहर में पानी की व्यवस्था को दिखाने के साथ इंडस्ट्री का भी मॉडल प्रदर्शित किया गया है।
अटल पथ भी दिखेगा
पहली बार न्यू क्रिमिनल लॉ पर एक पूरा डोम तैयार किया जा रहा है। जिसमें न्यू क्रिमिनल लॉ की सभी बातों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही यहां जेल, कोर्ट, पुलिस हेल्प डेस्क जैसी कई चीजों की प्रदर्शिनी भी लगाई जाएगी। कृषि विभाग के डोम में ऑइल एस्ट्रेक्ट करने की मशीन का पहली बार प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही यहां 20 से ज्यादा प्रकार की मछलियां भी लोगों को देखने को मिलेंगी। इसके लिए बाहर से भी मछलियां मंगवाई जा रही हैं। यहां पॉम आइल जैसे कई पेड़ भी लगाए जा रहे हैं। सस्टेनेबल एग्रीकल्चरल की प्रदर्शनी भी देखने को मिलेगी।
