भूपेश बघेल की उपसचिव रह चुकी सौम्या चौरसिया की बेटी के घर डकैती, 19 आरोपित गिरफ्तार
कोरबा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपसचिव रह चुकी सौम्या चौरसिया की मुंहबोली बेटी के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने 19 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस पूरी वारदात में हंडा ढूंढने वाले गिरोह का हाथ था, जिसमें गांव के तीन लोग भी शामिल थे। आरोपितों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां पहले से मौजूद आरोपितों के स्वजन और गांव के लोगों ने निर्दोषों को गिरफ्तार करने का आरोप लगाते हुए पुलिस का घेराव किया और नारेबाजी की। इस दौरान महिलाओं और पुलिस कर्मियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। नकद और जेवर की लूट बालको थाना क्षेत्र के ग्राम तराईडांड निवासी शत्रुध्न दास (सौम्या की मुंहबोली पुत्री का पिता) के घर छह नवंबर की आधी रात 20 से अधिक सशस्त्र नकाबपोश डकैत घुसे थे। उन्होंने नकद और जेवर लूट लिए थे। घटना के दौरान घर में मौजूद शत्रुध्न सहित परिवार के 11 लोगों के हाथ बांधकर उन्हें बंधक बनाया गया। आरोपितों ने सौम्या का काला धन बताकर घर के कई स्थानों को सब्बल से खोद दिया था। भागते समय 1.50 लाख रुपये और जेवर लूटकर ले गए। धीरे-धीरे खुला राज जांच के दौरान पुलिस ने पहले गांव के साहिब दास महंत (44 वर्ष) और उसके पुत्र सुनील दास (25 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि शत्रुध्न दास के घर हंडा गड़ा होने की जानकारी मिली थी। साहिब ने गांव के विदेशी दास (36 वर्ष) को भी इस बारे में बताया था। दोनों ने स्वीकार किया कि उनकी पूरी टोली है, जो हंडा निकालने का काम करती है और योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया गया।