बिलासपुर ट्रेन हादसा : केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, डिप्टी सीएम साव और भूपेश बघेल ने जताया दुख, राहत कार्य जारी
• devendra kumar
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लाल खदान स्टेशन के पास हुई भीषण रेल दुर्घटना के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर में कई लोगों की मौत और दर्जनभर से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना है। हादसे के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुई कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर की दुखद घटना अत्यंत व्यथित करने वाली है। इस हादसे में हुए जनहानि की सूचना से मन अत्यंत शोकाकुल है। मैं दिवंगत आत्माओं के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना करता हूं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने एक्स पर लिखा, बिलासपुर के पास रेल हादसे की एक दुखद घटना की सूचना प्राप्त हुई है। कोरबा पैसेंजर ट्रेन एवं मालगाड़ी के बीच भिड़ंत होने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की भी सूचना मिली है। रेल्वे के वरिष्ठ अधिकारी, बचाव दल एवं जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर बचाव और राहत कार्य में लगी है। प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों द्वारा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं। घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
उन्होंने बताया कि मैंने वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बात कर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए निर्देशित किया है। बचाव कार्य में लगे संबंधित अधिकारियों से लगातार सम्पर्क में हूं।
