जल संचयन-जन भागीदारी अभियान में बालोद जिला देश में प्रथम, राष्ट्रपति ने कलेक्टर को किया सम्मानित
• devendra kumar
बालोद: प्रदेश के बालोद जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले को राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बालोद जिले को 2 करोड़ की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्त्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।
जल संचयन-जन भागीदारी अभियान में बालोद जिले का देश में प्रथम स्थान आने पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति ने सम्मानित किया है। बालोद जिले ने जल संरक्षण में इतिहास रचा है। बता दें कि 1 लाख से अधिक नई जल संरचनाएं, 30 हजार से ज्यादा पुराने जल स्त्रोतों का पुनरुद्धार, 3.88 लाख पौधारोपण और हजारों वॉटर रिचार्ज पिट बनाकर देश में नंबर-1 का दर्जा हासिल किया है।
बालोद जिले के लिए महत्वपूर्ण सौगात
दरअसल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा ’जल संचयन जन भागीदारी’ (जेएसजेबी 1.0) के तहत जोन 02 में शामिल बालोद जिला को बेस्ट परफाॅर्मिंग जिले के रूप में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर बालोद जिले को 2 करोड़ रूपये का प्रोत्साहन राशि प्रदान की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आज मंगलवार 18 नवंबर को विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित समारोह के अवसर पर 'जल संचयन जन भागीदारी' के अंतर्गत बालोद जिले में हुए उत्कृष्ट कार्यों के लिए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा को सम्मानित किया गया है।
जिले में जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए काम
बालोद जिले में ’जल संचयन, जन भागीदारी’ अभियान के तहत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 1 लाख 6 हजार 677 नवीन जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है।
जिले में पूर्व निर्मित 30 हजार 849 जल स्त्रोतों में सामूहिक श्रम के माध्यम से मरम्मत एवं साफ सफाई की व्यवस्था की गई।
ग्राम पंचायतों के माध्यम से जल भराव वाले स्थानों का चिन्हांकन कर नवीन जल स्त्रोतों का निर्माण किया गया।
