कलेक्टर की कॉल डिटेल्स सार्वजानिक की जाए' दीपक बैज का दावा, सीएम हाउस से गया था फोन, कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन हुआ है रद्द
रायपुर: धमतरी नगर निगम से कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन निरस्त कर दिया गया है। इसके बाद सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 30 जनवरी को जिस विचारधारा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या किया था, वही विचारधारा एक बार फिर से 30 जनवरी को धमतरी में लोकतंत्र की हत्या किया। स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस के प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने से रोकने के लिये तमाम तरीके का साजिश सरकार द्वारा किया जा रहा है। धमतरी में कांग्रेस के महापौर के प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन फार्म मुख्यमंत्री के निर्देश पर रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि विजय गोलछा के नामांकन पर आपत्ति आने के बाद बुधवार रात को मुख्यमंत्री ने धमतरी कलेक्टर को निर्देश दिया कि कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन पर लगी आपत्ति को स्वीकार कर नामांकन रद्द कर दिया जाये। विजय गोलछा नगर निगम धमतरी के पंजीकृत ठेकेदार नहीं है। वे पीडब्ल्यूडी में पंजीकृत ठेकेदार हैं तथा उन्होंने धमतरी निगम में एक वर्ष पूर्व काम लिया था जो उसी समय पूरा हो चुका था। उसकी एनओसी भी उन्होंने निगम से लिया था। धमतरी कलेक्टर ने अवैधानिक तरीके से उनका नामांकन निरस्त किया। मोबाइल फोन की डिटेल्स सार्वजनिक किया जाए दीपक बैज ने कहा- 29 जनवरी को रात का धमतरी कलेक्टर के मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल सार्वजनिक किया जाये। स्पष्ट हो जायेगा कि मुख्यमंत्री निवास से उनको फोन गया था या नहीं। धमतरी कलेक्टर भाजपा के एजेंट की भांति काम कर रहे हैं। हम निर्वाचन आयोग से मांग करते हैं कि धमतरी कलेक्टर को तत्काल हटाया जाये। धमतरी के अलावा दंतेवाड़ा, कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग में हमारे वार्ड प्रत्याशियों के नामांकन भी सरकार ने दबावपूर्वक निरस्त किया गया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर कलेक्टर ने बीजेपी उम्मीदवार पूजा विधानी का जाति प्रमाण पत्र भाजपा प्रत्याशी होने के कारण अवैध तरीके से स्वीकार किया। सरकार कितना भी साजिश करे, कुछ भी कर ले कांग्रेस पूरी दमदारी से चुनाव लड़ेगी। हमें जनता पर भरोसा है।