किसान की बेटी ने किया कमाल, भारतीय सेना में बनी लेफ्टिनेंट, इस अंदाज में CM साय ने दी बधाई
बालोदः छत्तीसगढ़ की लड़कियां लड़कों से जरा भी कम नहीं हैं। यहां की लड़कियां भी खुद को साबित कर देशभर में अपना नाम रोशन कर रही हैं। पढ़ाई से लेकर खेलकूद हो ये लड़कियां अपने सपनों को साकार कर मिसाल बन रही हैं। वहीं, ये कहावत भी सच कर रही हैं कि किसी चीज को शिद्दत से चाहो तो कायनात भी उसे मिलाने में लग जाती है। बीते दिनों कोंडागांव की जूडो खिलाड़ी हेमबती को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने पीएम वीर बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। इसकी कड़ी में बालोद की बेटी भी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट नर्सिंग अफसर बनी है। दरअसल, बालोद जिले के जमरूवा गांव के रहने वाले किसान की बेटी वीणा साहू ने मिलिट्री में लेफ्टिनेंट नर्सिंग अफसर बनकर पूरे राज्य का मान बढ़ाया है। उसकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि में पर प्रदेश मुखिया विष्णुदेव साय ने फोन से बात कर बधाई दी और उसका उत्साह बढ़ाया। किसान की बेटी ने किया कमाल वीणा साहू बालोद जिले के जमरूवा गांव के किसान चेतन साहू की बेटी है। वीणा साहू का सपना मिलिट्री में जाने का था, जो उन्होंने अपने लगन और मेहनत से पूरा कर दिखाया। वह अब अंबाला स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल में लेफ्टिनेंट के पद पर सेवाएं दे रही हैं। इस हॉस्पिटल में वह ना केवल देश के जवानों बल्कि उनके परिवार को भी एक्सीलेंस मेडिकल फेसिलिटी प्रदान कर रही हैं।