थाने में घुसकर कहा ‘मुझे मरना है’, युवक ने अपने ही गले पर चलाया ब्लेड, पुलिस के सामने आत्महत्या की कोशिश
• devendra kumar
राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना के अंदर एक युवक ने अपना गला काटकर खुदकुशी की कोशिश की। जिसे वहां मौजूद पुलिस आरक्षक ने पकड़ लिया। जिससे वो अपना गला ज्यादा नहीं काट पाया। लेकिन इस दौरान वह बुरी तरह जख्मी हो गया, जिसका इलाज मेकाहारा अस्पताल में जारी है।
बताया जा रहा है कि बीती रात करीब साढ़े 7 बजे एक अज्ञात 25 वर्षीय युवक मौदहापारा थाना पहुंचा और थाना में मौजूद दिवस अधिकारी कक्ष में जब वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उससे पूछा कि क्या तकलीफ है? तो उसने कहा कि मुझे मरना है, और इतना कहते हुए आत्महत्या करने के उद्देश्य से पहले से अपने हाथ में छिपाकर रखे हुए ब्लेड से अपने ही गले पर वार कर दिया। जिसे देख वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के द्वारा रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन तब तक वह अपने गले पर ब्लेड चला चुका था।
आनन फानन में पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया और इलाज जारी कराया। जिसके बाद पुलिस ने घायल युवक के परिजनों की पतासाजी की। घायल युवक की पहचान सूरज नाथ जोगी निवासी तिरंगा चौक कुशालपुर पुरानी बस्ती के रूप में हुई है। घायल सूरज नाथ योगी के भाई नीरज योगी ने पुलिस को बताया कि घायल युवक नशे का आदी है और नशे की हालत में वही अक्सर इस प्रकार की उलूल जुलूल हरकतें करते रहता है।
फिलहाल युवक का रायपुर के डॉ भीमराव अंबेडकर अस्पताल मेकाहारा में इलाज जारी है जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। लेकिन इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है कि आखिर युवक ने यह हरकत क्यों की है।
