10 हजार जरुरतमंदों को मिली मदद:राज्यपाल अनुसुइया उइके बोलीं- हर व्यक्ति गरीब की सेवा करे यही समाज की जरुरत,संत गोबिंदराम जन्मोत्सव में हुईं शामिल
रायपुर में संत गोबिंदराम जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शदाणी दरबार तीर्थी स्थल के पास लोगों की मदद की गई। करीब 10 हजार से ज्यादा जरूरतमंदों को अन्न,वस्त्र बांटे गए। कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि प्रदेश की राज्यपाल अनुसुइया उरके शामिल हुईं। राज्यपाल ने इस दौरान कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को सेवा का संदेश दिया। राज्यपाल अनुसुइया उइके ने कहा- समाज में हर वर्ग अपनी जिम्मेवारी समझकर यदि गरीबों की मदद करे तो कई समस्याएं खत्म होंगी। आज समाज में इस भाव की सख्त जरूरत है। शदाणी दरबार तीर्थ की सेवा कार्यों से अन्य समुदाय भी सीख सकते हैं। कार्यक्रम में मौजूद संत डॉक्टर युधिष्ठिर लाल ने कहा कि लोगों की सेवा का सीधा अर्थ भगवान की सेवा से जुड़ा है। शदाणी दरबार तीर्थ के आठवें पीठाधीश्वर संत शिरोमणि गोबिंदराम साहेब का 78 वां अवतरण दिवस इस कार्यक्रम में मनाया गया। यहां मेडिकल कैंप भी लगाया गया। सुबह कार्यक्रम का शुभारंभ सदगुरु गोबिंद राम के विग्रह(प्रतिमा) के पंचामृत स्नान कराया गया। एक जोड़े का नि: शुल्क विवाह भी कराया गया। कलाकार राजेश अवस्थी,अमित चिमनानी ग्रुप ने भजन संध्या का कार्यक्रम किया।