छत्तीसगढ़ में अब पड़ेगी कड़ाके की ठंड:​​​​​​​पेंड्रा रोड में 11 डिग्री तक पहुंचा पारा, सरगुजा-कबीरधाम भी सर्द, उत्तर से आने वाली हवाएं बढ़ाएगी कंपकपी
छत्तीसगढ़ में तेज ठंड ने दस्तक दे दी है। एक दिन के भीतर कई स्थानों पर रात का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सरगुजा और कबीरधाम में भी न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास है। वहीं सुदूर दक्षिण के बस्तर संभाग के कुछ जिलाें में उत्तर के कुछ जिलाें से अधिक ठंड पड़ रही है। सामान्य तौर पर प्रदेश के सरगुजा-बिलासपुर संभाग के कई जिलाें और दुर्ग के कबीरधाम जिले में अधिक ठंड पड़ती है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह वहां के सामान्य न्यूनतम तापमान से एक डिग्री कम है। पेण्ड्रा रोड में 11.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा जो सामान्य से तीन डिग्री तक कम है। रायपुर में कृषि विश्वविद्यालय के पास न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री, माना में 16.6 डिग्री और मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर में 17.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यह भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है।