लिफ्ट में फंसा पैर..नीचे खींचता चला गया युवक, मौत:चढ़ते वक्त खाली जगह पर चला गया पांव, हादसे में चली गई जान
रायपुर में हुए लिफ्ट हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बुरी तरह से लिफ्ट में फंसे युवक को बचने का मौका नहीं मिला। इसमें अटक जाने की वजह से युवक की जान चली गई। ये घटना शहर के थोक मार्केट डूमरतराई में हुई। गुरुवार दोपहर हुए हादसे के बाद मौके पर माैजूद लोगों ने पुलिस को बुलाया। अब घटना स्थल पर जांच की जा रही है। माना थाने की पुलिस हादसे की जानकारी बाजार के लोगों से ले रही है। फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक यहां प्रकाश यादव नाम का युवक आया था। प्रकाश भनपुरी का रहने वाला था। वो अक्सर थोक मंडी में आया करता था। गुरुवार को यहां माल एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर पर पहुंचाने वाली लोहे की खुली लिफ्ट में फंस गया। प्रकाश का पैर उस वक्त लिफ्ट की खाली जगह पर चला गया जब लिफ्ट नीचे की तरफ जा रही थी। लिफ्ट में फंसने की वजह से, लिफ्ट का प्रेशर प्रकाश के शरीर पर पड़ा वो खींचता चला गया। लिफ्ट के साथ नीचे चला गया। उसकी दोनों टांगे फंस गईं, वो निकलने का प्रयास करता रहा मगर सिर फर्श से टकरा गया, उसके शरीर में फ्रैक्चर हो गए और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बड़ी मुश्किल से उसके शरीर को बाहर निकाला जा सका। प्रदेश में लिफ्ट से जुड़ी खतरनाक घटनाएं कुछ वक्त पहले जशपुर में ऐसा हादसा हुआ था। जशपुर के होटल में ठहरे इलाहाबाद निवासी संतोष सिंह ने बिना देखे उस जगह पर पैर बढ़ा दिया जहां लिफ्ट आती है। दरअसल लिफ्ट के बिना आए ही दरवाजा खुल गया था और संतोष सिंह कई मंजिल से नीचे गिरे उनकी मौत हो गई थी।