प्यार दोस्ती और हत्या:दोस्त की प्रेमिका से हुआ प्यार तो रास्ते से हटाने कर दी हत्या
लैलूंगा के राजपुर में एक युवक ने अपने दोस्त की जान ले ली। आरोपी को मृतक की प्रेमिका से प्यार हो गया था। लड़की एकलौती थी, उसे लगा कि दोस्त को मिलने वाली जमीन उसे मिल सकती है, इसलिए उसने हत्या कर दी।
हत्या 11 नवंबर की रात को हुई थी। 12 नवंबर दोपहर युवक का शव राजपुर आमबगीचा में मिला था। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जा सकता है। सुतकोना रैरूमा धरमजयगढ़ के फकीर राठिया (25) को लैलूंगा आमापाली की एक युवती से प्यार हो गया था। युवती मां-पिता की अकेला संतान और तीन एकड़ जमीन की वारिस थी।
फकीर शादी से पहले ही घर जमाई की तरह अपनी ससुराल में रहने लगा। यहां उसका दोस्त (आरोपी) मिलने आने लगा। उसे युवती से प्यार हो गया। उसे लगा कि भविष्य में फकीर की शादी युवती से हो जाएगी और वह जमीन का मालिक बन जाएगा। उसने फकीर को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। 11 नवंबर की रात को वह फकीर के साथ राजपुर गया और वहां गमछे से गला घोंट दिया।
हत्या के बाद वह अपने गांव मथानपारा लौट गया। दूसरे दिन पुलिस को शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। हालांकि इस संबंध में लैलूंगा के थाना प्रभारी ने आरोपी के संबंध में जानकारी नहीं होने की बात कही।