प्रियंका गांधी आएंगी छत्तीसगढ़, भिलाई के महिला सम्मेलन में होंगी शामिल
रायपुर। Priyanka Gandhi Visit Bhilai: छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत विधानसभा चुनाव होंगे। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा-कांग्रेस के साथ अन्य राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता इन दिनों लगातार छत्तीसगढ़ का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी अब छत्तीसगढ़ दौरे पर आने वाली हैं। प्रियंका छत्तीसगढ़ के भिलाई में कांग्रेस के महिला सम्मेलन में शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिनों को न्योता दिया। उन्होंने कहा कि 21 सितंबर को भिलाई में आयोजित महिला सम्मेलन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आएंगी। इससे पहले 7 सितंबर को दो दिवसीय दौरे के तहत कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रायपुर आए।
खरगे राजनांदगांव में कांग्रेस के भरोसा का सम्मेलन में शामिल हुए। यहां उन्होंने सभा को भी संबोधित किया। इस दौरान खरगे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बीते पांच वर्षों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। नीति आयोग की रिपोर्ट देखें तो बीते पांच वर्षों में 40 लाख लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। हमारी सरकार ने जनता से जो भी वादे किए, उन्हें पूरा किया। खरगे राजनांदगांव के ग्राम ठेकवा में आयोजित भरोसे का सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की।