आदिवासी मुख्यमंत्री की मांग को लेकर मुखर हुए कांग्रेस नेता, टिकट के लिए कह दी बड़ी बात
बिलासपुर। हाल ही में भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए आदिवासी नेता व राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष नंदकुमार साय ने बड़ी बात कही है। छत्तीसगढ़ में आदिवासी सीएम के मुद्दे पर फिर एक बार साय मुखर हुए हैं। साथ ही साय ने भारतीय जनता पार्टी और पूर्ववर्ती सरकार पर भी निशाना साधा है। साय ने कहा कि, प्रदेश के लिए यह बहुत बड़ा मुद्दा है। आज की स्थिति में भी आदिवासी मुख्यमंत्री की मांग, चर्चा यहां प्रासंगिक है। हालांकि, इसका निर्णय, चिंतन पार्टियों को करना है। लेकिन कब होगा, कौन करेगा अभी भी ये अधर में है। साय ने कहा कि, आदिवासी मुख्यमंत्री बहुत पहले हो जाना था। लेकिन पहले ये मुद्दा षड्यंत्र की भेंट चढ़ गया। 2003 में घोषित करने के बाद भी ये नहीं हो सका। दुर्भाग्य रहा कि जो बने उन्होंने बेहतर काम नहीं किया। आगे साय ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, जिन मुद्दों को कभी भाजपा उठाती थी, विचार करती थी, उन सारे मुद्दों पर अभी कांग्रेस काम कर रही है। राम, गाय, गौठान पर भाजपा केवल चर्चा करती रही और कांग्रेस सरकार इसपर काम कर रही है। सरकार ने इसपर काम करके दिखाया है। राम परिपथ, कौशल्या माता मंदिर, गौठान इसका बड़ा उदाहरण हैं।