प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से ऊब चुकी है:परिवर्तन यात्रा में केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली बोले-इस साल प्रदेश में सता बदलकर रहेगी
जशपुर जिले के खुडिया रानी से निकली बीजेपी की परिवर्तन यात्रा सरगुजा संभाग और कोरबा जिले का भ्रमण करते हुए शनिवार को रायगढ़ पहुंची। परिवर्तन यात्रा के साथ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल अनुराग सिंह देव सहित भाजपा के दिग्गज नेता मौजूद रहे।
बीजेपी की परिवर्तन यात्रा रायगढ़ के ढिमरापुर चौक होते हुए खरसिया विधानसभा पहुंची। यहां के टाउन हॉल मैदान में केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में परिवर्तन की लहर है। वे खरसिया विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी महेश साहू के पक्ष में प्रचार करने आए हैं। उन्होंने कहा कि इस साल प्रदेश में सता बदलकर रहेगी। इस दौरान यात्रा के प्रभारी नारायण चंदेल ने कहा कि परिवर्तन यात्रा के जरिए प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से सीधे मिलने का मौका मिल रहा है।
प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से ऊब चुकी है और पूरे प्रदेश में परिवर्तन के लहर है। ऐसे में 2023 में सत्ता परिवर्तन जरूर होगा। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। प्रदेश में पीएससी घोटाले हो रहे हैं। चला चली की बेला में कांग्रेस अब भरोसे की यात्रा निकाल रही है। बीजेपी ने ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया है और इसी के लिए यह परिवर्तन यात्रा निकाली जा रही है।
यात्रा के समापन पर आएंगे पीएम मोदी
पहली परिवर्तन यात्रा दंतेवाड़ा से 12 सितंबर को रवाना हो चुकी है, जो बिलासपुर तक 16 दिन में 1,728 किमी की का सफर तय करेगी और तीन संभागों के 21 जिलों तक पहुंचेगी। ये दोनों यात्रा 28 सितंबर को बिलासपुर के महामाया मंदिर पहुंचेगी और इसके समापन पर पीएम मोदी दोबारा छत्तीसगढ़ आएंगे।