छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण भाजपा ने किया और विकास भजपा की सारकार ही कर रही है - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी रायपुर दक्षिण में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में इतिहास रचने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी के परिप्रेक्ष्य में आज रायपुर दक्षिण विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा सहित सभी भाजपा पदाधिकारियों ने भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी के विशाल जीत के लिए जनता से आशीर्वाद मांगा।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देवतुल्य कार्यकर्ता अपने कर्तव्य से कठोर परिश्रम से और पूरी निष्ठा से चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी को जिताने के लिए जुट गए है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण भाजपा ने किया और राज्य का विकास भजपा की सरकार ही कर रही है। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने 2018 में जनता से झूठे वादे करके सरकार बनाई और पिछले पांच वर्ष कांग्रेस ने सिर्फ लूटने का कार्य किया। कांग्रेस छत्तीसगढ़ के जनता के जेब से पैसा निकालने का कार्य करती रही। वहीं भाजपा की सरकार बनते ही हमारी सरकार ने जनता के जेब में पैसा डालने का काम किया है। त्यौहार के पहले देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने महतारी वंदन का पैसा प्रदेश की बहनों के खाते में पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर घर में मोदी जी और भाजपा की योजनाओं का लाभ पहुंचा है। सभी परिवारों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आप भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी जी के लिए कमल का बटन दबाये आपको एक नहीं दो विधायक मिलेंगे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आप सभी दक्षिण की जनता ने मुझे सदैव अभूतपूर्व प्रेम और स्नेह दिया। जिसकी बदौलत मैं लगातार दक्षिण विधानसभा बढ़ती मार्जिन से जीतते आया हूं और गत विधानसभा चुनाव में दक्षिण की जनता ने इतना अधिक स्नेह दिया की पूरे प्रदेश में सबसे अधिक मार्जिन से जितने वाली विधानसभा दक्षिण विधानसभा रही। लोकसभा चुनाव में जब भारतीय जनता पार्टी ने मुझे संसदीय क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी तो आप सभी ने इस प्रेम को और बढ़ाया और लोकसभा चुनाव में दक्षिण से ही मुझे 90 हजार से अधिक मतों से बढ़त हासिल दिलाई। हमारे समक्ष प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय उपस्थित हैं और आज आप सभी उन्हें एक वादा कीजिए की पुनः रायपुर दक्षिण की सीट बड़ी मार्जिन से भाजपा की झोली में डालेंगे और अपने प्रत्याशी सुनील सोनी को विधानसभा में दक्षिण का नेतृत्व करने पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि रायपुर दक्षिण के बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद कमल का बटन दबाकर कमल खिलाकर सुनील सोनी को जिताने को कार्य करना है।