17 नक्सलियों के ढेर होने पर विजय शर्मा ने लिखा, ‘सरकार नहीं चाहती एक भी गोली चलाना, भटके हुए लोग सरेंडर करें’..
सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई। DRG (जिला रिजर्व गार्ड) और CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के जवानों ने संयुक्त रूप से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। यह मुठभेड़ शुक्रवार रात से जारी थी, जिसमें 17 नक्सली मारे गए, मारे गये माओवादियों में 11 महिला और 6 पुरुष नक्सली शामिल है।
झीरम कांड का मास्टरमाइंड जगदीश मारा गया
मारे गए नक्सलियों में दरभा डिवीजन कमेटी का प्रमुख जगदीश भी शामिल था। झीरम कांड सहित कई बड़ी नक्सली घटनाओं में उसकी भूमिका रही थी। इसके अलावा, केरलापाल एरिया कमेटी का सचिव रोशन भी इस ऑपरेशन में मारा गया।
इस मुठभेड़ में तीन जवान घायल हो गए, जिनमें सलवम, राजेश और लीलाशंकर नाग शामिल हैं। इनमें से दो जवान बस्तर फाइटर यूनिट और एक CRPF का जवान है। घायल जवानों को MI-17 हेलीकॉप्टर से रायपुर लाया गया और RKCH अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
गृह मंत्री अमित शाह का बयान
इस सफलता पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा,
“नक्सलवाद पर एक और प्रहार! हमारी सुरक्षा एजेंसियों ने सुकमा में एक ऑपरेशन में कई नक्सलियों को मार गिराया है और बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए संकल्पित हैं।” उन्होंने अपील करते हुए कहा, “हथियार और हिंसा परिवर्तन नहीं ला सकते; केवल शांति और विकास ही आगे बढ़ने का रास्ता है।”