छत्तीसगढ़ में पहली बार पेयजल समस्या के लिए टोल फ्री नंबर जारी.. CM साय ने की विभागों के कामकाज की समीक्षा
: रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जल संसाधन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में पेयजल समस्याओं के समाधान और सार्वजनिक जल स्रोतों के सुधार को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री की तरफ से जारी महत्वपूर्ण निर्देशों में कहा गया है कि, 15 दिनों के भीतर सभी हैंडपंप और सार्वजनिक नलों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। यदि किसी क्षेत्र में पेयजल की समस्या हो, तो नागरिक तुरंत टोल-फ्री नंबर पर संपर्क करें। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग ने हेल्पलाइन के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-0008 जारी किया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गर्मियों के मौसम को देखते हुए जल आपूर्ति की स्थिति पर विशेष ध्यान देने और लोगों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने पहली बार पेयजल समस्या के शिकायत, निवारण के लिए पृथक रूप से टोलफ्री नंबर जारी किया है।
पीएचई के कार्यपालन अभियंता मनोज ठाकुर ने बताया कि जल संकट की गंभीरता को देखते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभाग द्वारा जल संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को जल के महत्व और इसके संरक्षण के उपायों के प्रति जागरूक करना है।कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण, रैली, पोस्टर प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक आदि का आयोजन किया गया जिसमें स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वक्ताओं ने वर्षा जल संचयन, टपक सिंचाई प्रणाली, पारंपरिक जल स्रोतों के पुनरुद्धार, घरों में पानी की बचत के उपाय और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, स्थानीय नागरिकों तथा सरकारी अधिकारियों ने भाग लिया।