अब गर्मी दिखाएगी तेवर.. 5 से 9 अप्रैल तक इन राज्यों में आसमान से बरसेगी आग! हीटवेव का अलर्ट जारी
देशभर में कई इलाकों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। वहीं, अब आने वाले दिनों के लिए IMD ने कई राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट भी जारी कर दिया है। IMD ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा कि कल यानि 5 अप्रैल से 9 अप्रैल तक हीटवेव की स्थिति देखने को मिलेगी। इसके अलावा, सौराष्ट्र, कच्छ, दक्षिणी हरियाणा, दिल्ली में भी 4 से 9 अप्रैल के बीच हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों में 9 अप्रैल तक हीटवेव की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में 5 से 7 अप्रैल, पंजाब, गुजरात में 6 से 9 अप्रैल, पश्चिमी राजस्थान में 5 से 10 अप्रैल, गुजरात में 6 से 8 अप्रैल, पूर्वी राजस्थान में 6 से 10 अप्रैल, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 से 10 अप्रैल के बीच हीटवेव की स्थिति देखने को मिलेगी। वहीं, गुजरात में 4 से 10 अप्रैल, कोंकण और गोवा में 5 से 9 अप्रैल के बीच हॉट एंड ह्यमिड वेदर रहेगा। उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में अगले छह दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। मध्य प्रदेश में भी आने वाले तीन से चार दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। संभावना है कि 40 से 43 डिग्री सेल्सियस तक तापमान जा सकता है।
कई राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने तपती गर्मी के बीच कई राज्यों में बारिश होने की भी संभावना जताई है। अंडमान और निकोबार, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत में चार से छह अप्रैल, महाराष्ट्र में चार और पांच अप्रैल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, और मध्य भारत में चार अप्रैल को बारिश होगी। वहीं, आंधी तूफान व बिजली कड़कने का भी अलर्ट जारी किया गया है। इतना ही नहीं, झारखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में ओले गिरने की भी समभावना जताई जा रही है।