बेटी के जन्म पर अनोखा जश्न, घर को दुल्हन की तरह सजाया, ढोल-नगाड़ों की धुन और फूलों की बारिश के बीच हुआ ग्रैंड वेलकम, देखें वीडियो
ऐसा माना जाता है कि बेटे भाग्य से जन्म लेते हैं, जबकि बेटियां सौभाग्य से। इसके बावजूद एक वक्त था जब बेटे के जन्म पर परिवार में खुशियां मनती थीं। वहीं बेटियों के जन्म पर मायूसी छा जाती थी। हालांकि वक्त अब बदल गया है। ये 21वीं सदी का भारत है। वक्त बदलने के साथ ही लोगों का अब बेटा-बेटी के बीच भेदभाव करने का नजरिया भी बदल गया है। अब घर में बेटी होने पर खुशियां मनाई जाती है। जी हां… कुछ ऐसी ही सुखद तस्वीर छत्तीसगढ़ के गरियांबद (Gariyaband) जिले के फिंगेश्वर (Fingeshwar) से आई है। यहां बेटी के जन्म पर अनोखा जश्न मनाया गया। पूरे घर को दुल्हन की तरह सजाया गया। ढोल-नगाड़ों की धुन और फूलों की बारिश के बीच बच्ची और मां का ग्रैंड वेलकम हुआ। दरअसल गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में रहने वाले आशुतोष ठाकुर और प्रीति ठाकुर का पहले से एक बेटा है। इन दोनों की इच्छा थी कि इस बार उनके यहां बेटी का जन्म हो। भगवान ने आशुतोष ठाकुर और प्रीति ठाकुर की मन की मुराद पूरी की। प्रीति ठाकुर ने 31 मई 2025 को सुबह 11 बजकर 53 मिनट में परी की तरह दिखने वाली मासूम बेटी को जन्म दिया। दंपत्ति ने बेटी का नाम श्रीवन्या रखा। 3 जून 2025 को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने के बाद मां-बेटी घर पहुंचे तो घर वालों ने मां-बेटी का ग्रैंड वेलकम किया।