छत्तीसगढ़ के IAS ने तमिल-हिंदी में गाया 'तू ही रे':सोशल मीडिया पर छाया बस्तर कलेक्टर का सॉन्ग; हल्बी में भी गा चुके हैं गाना
बस्तर जिले के कलेक्टर विजय दयाराम के. ने तमिल भाषा में तू ही रे गाना गाया है। उन्होंने तमिल और हिंदी में इस गाने की रिकॉर्डिंग कर अपने सोशल मीडिया अकाउंट में पोस्ट शेयर किया। कलेक्टर का इस अलग अंदाज और सुरीली आवाज की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जगदलपुर की बादल अकादमी में यह सॉन्ग रिकॉर्ड किया है। करीब 1 मिनट 54 सेकंड का सॉन्ग अब वायरल भी होने लगा है। इससे पहले भी विजय दयाराम के. बस्तर की क्षेत्रीय बोली हल्बी में गाना गा चुके हैं। उस समय भी वे सुर्खियों में छाए थे।
कलाकार भी बादल अकादमी में कर सकते हैं बुकिंग
बस्तर की लोककला, संस्कृति को सहेजने के लिए जगदलपुर में बादल अकादमी की स्थापना की गई है। इस बादल अकादमी में अब रिकॉर्डिंग स्टूडियो भी बनकर तैयार हो गया है। सबसे पहला आमी आव बस्तरिया हल्बी गीत भी रिकॉर्ड किया गया था, जिसे कलेक्टर ने खुद गाया था।
बस्तर में रिकॉर्डिंग स्टूडियो की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए भी वीडियो जारी करना एक तरीका है। ताकि संगीत में दिलचस्पी रखने वाले लोग रिकॉर्डिंग के लिए रायपुर या फिर अन्य प्रदेश न जाएं। उन्हें यह सुविधा खुद के ही जिले में मिले। इसे घंटे के हिसाब से कुछ फीस के साथ बुक किया जा सकता है।